चाय का बकाया पैसा मांगना चायवाले को महंगा पड़ गया। नाराज रेलवे गेटमैन सुष्पेंद्र ने दुकानदार वीरेंद्र पर खौलती चाय उड़ेल दी। इसके बाद उसके चेहरे पर गर्म दूध फेंक दिया। पीड़ित के चेहरे से लेकर कमर तक उसके बदन पर फफोले निकल आए।
लखनऊ में मलीहाबाद थानाध्यक्ष सियाराम वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामला रविवार का है। उत्तर रेलवे के मलीहाबाद रेलवे स्टेशन के माल रोड के फाटक के पास अमानीगंज निवासी वीरेंद्र चाय बेचते हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि वीरेंद्र सुबह करीब सात बजे चाय बना रहा था। इस दौरान रेलवे फाटक का गेटमैन सुष्पेंद्र दुकान पर आया तो वीरेंद्र ने 25 रुपये बकाया चुकाने को कहा। इससे नाराज सुष्पेंद्र ने बर्तन में खौल रही चाय दुकानदार पर उड़ेल दी। यही नहीं, गर्म दूध भी उसके ऊपर फेंक दिया। इससे वह बुरी तरह झुलस गया। इस बीच गेटमैन भाग निकला।
40 प्रतिशत झुलसा बदन
खौलती चाय फेंके जाने से वीरेंद्र का चेहरा व शरीर झुलस गया। पहले तो उसे सीएचसी मलीहाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देकर सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उसका इलाज बर्न यूनिट में चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि वीरेंद्र 40 प्रतिशत तक जल गया है।
डीआरएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई
मामला सोशल मीडिया पर रविवार को वायरल हो गया। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम के पास शिकायत पहुंची तो उन्होंने तत्काल आरपीएफ को कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद मामले को पुलिस तक ले जाया गया।
पहले भी हुई हैं शिकायतें
मलीहाबाद रेल फाटक के आसपास के लोगों ने बताया कि गेटमैन को लेकर पहले भी शिकायतें आती रही हैं। कुछ दिन पहले एक गर्भवती को अस्पताल ले जाया जा रहा था और ट्रेन आने के काफी पहले ही गेट बंद कर दिया गया था। जबकि एक महिला प्रसव पीड़ा से तड़प रही थी, पर गेट नहीं खोला गया था।