बख्शी का तालाब के थाना क्षेत्र के गांव शिवपुरी में मंगलवार को हुई 18 साल के युवक सोनू रावत की हत्या के आरोपी अशोक रावत (30) का शव मंगलवार देर रात गांव के बाहर स्थित कब्रिस्तान में चिलबिल के पेड़ से फांसी पर लटका मिला। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर सोते समय बराखेमपुर निवासी शटरिंग कारीगर सोनू रावत पर बांके से कई वार कर शिवपुरी गांव के युवक अशोक रावत ने हत्या कर दी थी।
हत्या के बाद आरोपी युवक अशोक भाग गया था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद कर लिया था। मृतक युवक सोनू रावत के बहनोई नंदराम ने मंगलवार की शाम थाने में अशोक कुमार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अशोक की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
तीन-चार लोगों को पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने में बिठाया था। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे गांव के बाहर स्थित कब्रिस्तान में चिलबिल के पेड़ से कब्रिस्तान में बनी मजार की चादर से हत्या आरोपी अशोक का शव ग्रामीणों को लटकता दिखाई पड़ा।
ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अशोक के शव की स्थिति को देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि उसने मंगलवार की देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।