काकोरी थाना क्षेत्र में सुनसान स्थान पर घात लगाए हमलावरों ने शनिवार रात प्रेमिका को मोबाइल गिफ्ट करने निकले फूल व्यवसायी श्यामू उर्फ शानू कश्यप (24) को पीटकर मार डाला।
उसके साथ स्कूटी पर सवार दोस्त को लहूलुहान करके भाग निकला। हमलावरों के डर से झाड़ियों में छिपे किशोर की चीखपुकार पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने फूल व्यवसायी को मृत घोषित करने के साथ दोस्त को आईसीयू में भर्ती किया है।
वारदात का शिकार बने युवक के पिता ने प्रेमिका व उसके परिवारीजनों पर हत्या का केस दर्ज कराया है। एसओ काकोरी रामनरेश यादव ने बताया कि ठाकुरगंज के बालागंज क्षेत्र निवासी सब्जी व्यवसायी महेशचंद्र कश्यप ने माल थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती व उसके परिवारीजनों पर अपने बेटे श्यामू की शनिवार रात अंधे की चौकी मोड़ के पास पीटकर हत्या व उसके दोस्त हरिओम को लहूलुहान करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
महेश का कहना है कि उसके बेटे का युवती से प्रेमप्रसंग था। वह प्रेमिका को मोबाइल गिफ्ट करने के इरादे से शनिवार रात अपने दोस्त हरिओम व पीयूष नामक किशोर के साथ स्कूटी से रवाना हुआ।
रास्ते में काकोरी क्षेत्र में अंधे की चौकी के पास सुनसान स्थान पर घात लगाए युवती व उसके परिवारीजनों ने स्कूटी रुकवाई और शानू को बातचीत के बहाने सड़क के दूसरी तरफ ले गए। हरिओम भी उनके साथ जा पहुंचा।
युवती के परिवारीजनों ने दोनों पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। बुरी तरह घबराया पीयूष झाड़ियों में जा छिपा। शानू व हरिओम को बुरी तरह पीटकर मरणासन्न हालत में पहुंचाकर हमलावर भाग निकले।