लखनऊ के इंदिरानगर में पत्नी से झगड़े के बाद पति ने सारा गुस्सा अपने डेढ़ साल के बच्चे पर निकाला। आग बबूला हुए युवक ने पटक-पटककर बच्चे की जान ले ली। बच्चे के शव को गोद में छिपाए जान बचाकर भागी महिला किसी तरह बाराबंकी स्थित मायके पहुंची। परिवारीजनों ने केस दर्ज कराने की मांग को लेकर कुर्सी थाने पर हंगामा किया। पुलिसकर्मी महिला व मायकेवालों को इंदिरानगर थाने ले गए। इसके बाद आरोपी युवक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके तहकीकात शुरू की गई है।
इंदिरानगर थाना क्षेत्र के गांव जरहरा निवासी पिंटू गौतम का पत्नी शर्मिला से किसी बात पर झगड़ा हुआ। इस पर महिला डेढ़ साल के बेटे शिवांश को लेकर बाराबंकी के कुर्सी थाने के गांव मोहसंड स्थित मायके पहुंची। उसने पिता बाबू गौतम व परिवारीजनों को बताया कि पिंटू के हंगामे करने के दौरान शिवांश रोने लगा। इससे गुस्साए पिंटू ने उसे जमीन पर पटक दिया।
मायके वालों ने देखा कि शर्मिला की गोद में मासूम शिवांश जीवित नहीं था। ये देखकर भड़के मायके वाले आसपास के लोगों को साथ लेकर कुर्सी थाने पहुंचे और हत्या का केस दर्ज कराने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। थाना प्रभारी मनीष सिंह ने बताया कि घटनास्थल इंदिरानगर थानाक्षेत्र का होने की जानकारी पर महिला व उसके मायकेवालों को टीम के साथ वहां भेजा गया।