लखनऊ। मड़ियांव में भिटौली क्राॅसिंग के पास कान में इयरफोन लगाकर रेलवे लाइन पार कर रहे जानकीपुरम विस्तार निवासी फेरी दुकानदार शोएब (36) ट्रेन की चपेट में आ गए। इससे उनकी कटकर मौत हो गई।
इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि जानकीपुरम विस्तार सेक्टर-3 निवासी शोएब फेरी लगाकर चूड़ियां बेचते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार की सुबह करीब 9:30 बजे शोएब कान में इयरफोन लगाकर रेलवे लाइन पार कर रहे थे। ट्रेन चालक ने कई बार हॉर्न बजाकर चेतावनी दी। राहगीरों ने भी रेलवे लाइन से हटने के लिए शोर मचाया। पत्थर भी फेंके, लेकिन इयरफोन लगा होने के कारण वह सुन नहीं सके और ट्रेन की चपेट में आ गए। मौके पर पहुंची मड़ियांव पुलिस ने शव के पास मिले आधार से पहचान की और मृतक के मोबाइल से घरवालों को सूचना दी। शोएब के भाई इकबाल ने बताया कि शोएब अविवाहित थे।