लखनऊ के हुसैनगंज में ढाई महीने की लव मैरिज टूटी तो आकाश गौतम (28) ने फांसी लगा ली। वह संविदा पर लेसा में तैनात था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शादी के डेढ़ महीने बाद ही पत्नी मायके चली गई। इसके बाद उसने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
जहां चार दिन पहले पेशी थी। इस दौरान पत्नी ने साफ शब्दों में इन्कार कर दिया। इसके बाद वह परेशान रहने लगा और शुक्रवार दोपहर को उसने घर में फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजवाया। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
एसएसआई ने बताया कि उदयगंज पुराना बर्फखाना निवासी आकाश संविदा कर्मचारी था। मां राजभवन में कर्मचारी है। आकाश का मोहल्ले की युवती से प्रेम संबंध था। करीब ढाई महीने पहले दोनों ने घर से भागकर आर्य समाज मंदिर में शादी की।
युवती के परिवारीजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जब दोनों वापस लौटे तो युवती ने थाने में आकाश के साथ रहने की बात कही। पुलिस ने मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाकर दोनों को घर भेज दिया।