लखनऊ के हजरतगंज में तैनात दरोगा पर ठेले वाले ने जानलेवा हमला कर दिया। दरोगा मल्टीलेवल पार्किंग के पास अतिक्रमण हटवा रहे थे। पुलिस ने सख्ती की तो ठेले वाले की पत्नी ने टीम पर गर्म मोमोज फेंकना शुरू कर दिया। दरोगा की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी ठेले वाले को गिरफ्तार कर लिया गया।
हजरतगंज थाने केनरही चौकी में तैनात दरोगा जितेंद्र वर्मा के मुताबिक क्रिसमस से एक रात पहले बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटती है। इसे देखते हुए सड़क पर लगे ठेले व खोंमचे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। दरोगा के साथ पूरा दस्ता अभियान में शामिल था।
टीम सोमवार रात को हनुमान मंदिर के पास स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के पास पहुंचा। वहां सड़क केदोनों तरफ चाट व मोमोज की दुकानें अवैध रूप से सज गई थी। यह देखकर दरोगा जितेंद्र वर्मा ने ठेले के मालिक मनोज जायसवाल को हटाने को कहा।
मनोज दुकान हटाने के बजाय पुलिस से उलझ गया। दरोगा का आरोप है कि जब थोड़ी सी सख्ती की तो मनोज ने उन पर हमला कर दिया। वहां मौजूद अन्य दरोगा बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी मनोज की पत्नी ने गर्म मोमोज उन पर फेंकना शुरू कर दिया।