लखनऊ। प्रताड़ना व धमकी से परेशान होकर छात्रा के आत्महत्या के मामले में मड़ियांव पुलिस ने आरोपी बेलीगारद निवासी अशरफी पाल को सोमवार को कपूरथला से गिरफ्तार कर लिया। यह मामला पांच नवंबर 2023 का है।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि अलीगंज के बेलीगारद में रहने वाली नौवीं की छात्रा ने शोहदे की हरकतों और धमकियों से परेशान होकर घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मृतका के पिता ने गांव के ही अशरफी पाल पर बेटी को परेशान करने और धमकाने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या के लिए मजबूर करने की शिकायत दर्ज कराई थी। साक्ष्य के तौर पर छात्रा को इंस्टाग्राम पर धमकी भरे मेसेज के स्क्रीनशॉट भी दिए थे। दरोगा अखिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी अशरफी पाल कपड़े की दुकान में काम करता है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।