अदिति सिंह ने फोन पर बताया कि उनके पिता दिवंगत अखिलेश सिंह ने उनकी शादी तय की थी। पिताजी की मृत्यु के तीन माह के अंदर ही शादी कर रही हूं, क्योंकि उन्होंने आखिरी सांस लेने के पहले कहा था कि शादी रुकनी नहीं चाहिए। इसलिए बेहद साधारण माहौल में हम शादी कर रहे हैं।
अदिति और अंगद दोनों के ही परिवार लंबे समय से राजनीति में हैं। अदिति ने फिर दोहराया कि शादी के बाद भी क्षेत्र से उनका लगाव पहले की तरह ही कायम रहेगा। क्षेत्र की जनता की समस्या सुनना और उन्हें दूर कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
विधायक ने कहा कि उनके पिता अखिलेश सिंह लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहे। सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य कराए। उनका प्रयास रहता था कि गरीबों के साथ अन्याय न होने पाए। अदिति ने कहा कि दिल्ली में शादी की तैयारियां चल रही हैं। इस शादी में कांग्रेस और भाजपा के दिग्गज नेताओं के पहुंचने की चर्चा है।