एटीएम व बैंकों में नई करेंसी न होने से मचे हाहाकार पर यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री मोदी से अपील की है कि 500 रुपये के नोट की वैधता अवधि 30 नवंबर तक बढ़ाई जाए, जिससे कि जनता को थोड़ी राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को लिखे एक पत्र में कहा कि 8 नवम्बर 2016 की मध्य रात्रि से 500 व 1000 के नोटों को अवैध घोषित किए जाने के बाद वैकल्पिक मुद्रा न होने से अराजकता की स्थिति बन गई है। बैंकों व एटीएम के बाहर लंबी लाइनें हैं।
उन्होंने लिखा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक की पर्याप्त शाखाएं और मोबाइल कैश वाहन न होने से मरीजों, किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों व आम लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, अत: 500 के नोटों की वैधता अवधि 30 नवंबर तक बढ़ा दी जाए।
सीएम ने यह भी लिखा कि वह काले धन के खिलाफ चलाई गई सरकार की किसी भी मुहिम में उनके साथ हैं, पर जनता को हो रही मुश्किलों को देखते हुए तत्काल आवश्यक निर्णय लें।