लखनऊ। गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत महाराष्ट्र ने विजय मर्चेंट ट्रॉफी के दूसरे ही दिन छत्तीसगढ़ को नौ विकेट से मात देते हुए विजयी अंक बटोरे। जीसीआरजी ग्राउंड में हुए मुकाबले के पहले दिन छत्तीसगढ़ की पहली पारी महज 67 पर सिमट गई। जवाब में महाराष्ट्र की पहली पारी 94 रन पर लुढ़क गई। रविवार को दूसरी पारी खेलने उतरी छत्तीसगढ़ ने महज नौ रन के योग पर पहला विकेट अंशुमान ठाकुर (6) के रूप में खोया। खराब शुरुआत से टीम उबर न सकी और विकेटों का पतन नियमित अंतराल पर होता रहा। देखते ही देखते छत्तीसगढ़ की पूरी पारी 70.3 ओवर में 125 रन बनाकर आउट हो गई। कुंदन कोठारी ने सबसे अधिक 29 और शौर्य जायसवाल ने 20 रन का योगदान दिया। महाराष्ट्र से श्रेयांश बहुतुले ने 32 और कुशाग्र गायकवाड़ ने 27 रन तीन-तीन विकेट झटके, जबकि सार्थक और अर्जुन एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।
जवाब में महाराष्ट्र ने पहली पारी से सबक लेते हुए सतर्क शुरुआत की और 28वें ओवर में महज एक विकेट खोकर 99 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के सलामी बल्लेबाज अर्नव 85 गेंदों पर नाबाद 56 रन की पारी खेली।