मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हॉस्पिटल पहुंचे...
- फोटो : अमर उजाला
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की हालत गंभीर, किंतु नियंत्रण में बताई जा रही है। चिकित्सकों ने उनके फेफड़े में जमे खून के थक्के को निकाल दिया है लेकिन अभी गुर्दा काम नहीं कर रहा है। ऐसी स्थिति में उनकी डायलिसिस चल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 12:00 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हॉस्पिटल पहुंचे और उन्होंने महंत के स्वास्थ्य के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने महंत के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत सोमवार को खराब हो गई थी। उन्हें सांस लेने में तकलीफ सहित कई तरह की समस्याएं थी। अयोध्या से रेफर होने के बाद ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें शहीद पथ स्थित मेदांता हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां उन्हें तत्काल आईसीयू में भर्ती कराया गया। हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर राकेश कपूर ने बताया कि महंत नृत्य गोपाल दास को क्रिटिकल कंडीशन में आईसीयू में रखा गया। यहां जांच के दौरान फेफड़ों में अधिक मात्रा में खून के थक्के पाए गए, जिससे उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और दिल पर भी दबाव पड़ रहा था। इसी वजह से उनका ब्लड प्रेशर भी कम था।
कार्डियक सर्जरी के डायरेक्टर डॉक्टर गौरंग मजूमदार, आईसीयू के डॉक्टर दिलीप दुबे, इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी के डॉक्टर रोहित अग्रवाल, इंटरनेशनल कार्डियोलॉजी के डॉक्टर अविनाश की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया। ऑपरेशन थिएटर में फेफड़ों में जमे खून के थक्के को गला कर निकाला गया। ऑपरेशन के बाद फेफड़ों की स्थिति में सुधार हुआ और ब्लड प्रेशर पहले की अपेक्षा सामान्य हुआ है। डॉक्टर कपूर ने बताया कि महंत के गुर्दे काम नहीं कर रहे हैं और पेशाब नहीं बन रही है। इस वजह से उन्हें डायलिसिस की प्रक्रिया में रखा गया है। नेफ्रोलॉजी के डायरेक्टर डॉ आर के शर्मा की टीम सहित क्रिटिकल केयर के विशेषज्ञों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। महंत की हालत गंभीर है मगर नियंत्रण में है।