मदरसा बोर्ड के वेबपोर्टल पर पंजीकरण न करा पाने वाले मदरसे अब 10 फरवरी तक पंजीकरण करा सकते हैं। मदरसा बोर्ड ने पंजीकरण से छूटे मदरसों को मौका दिया है।
बोर्ड ने वेबपोर्टल पर डाटा ऑनलाइन करने की तिथि भी बढ़ा कर 10 फरवरी कर दी है। वेबपोर्टल पर अब तक कुल 19143 मदरसों में से 16,586 ने ही अपना पूरा विवरण अपलोड किया है।
2,557 मदरसों ने अब तक अपना डाटा अपलोड नहीं किया है। मदरसों के छात्रों के भविष्य को देखते हुए मदरसा बोर्ड ने वेबपोर्टल पर पंजीकरण करा चुके मदरसों को 30 जनवरी तक अपना डाटा ऑनलाइन करने का मौका दिया था। इस दौरान करीब 458 मदरसों ने डाटा अपलोड किया।
मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार राहुल गुप्ता ने बताया कि मदरसों के सैकड़ों छात्रों के परीक्षाओं में शामिल न होने से उनके भविष्य को देखते हुए बोर्ड ने पंजीकरण से छूटे मदरसों को 10 फरवरी तक मौका दिया गया है। उन्होंने कहा कि वेबपोर्टल पर डाटा अपलोड करने वाले मदरसों के ही छात्रों को परीक्षा में शामिल किया जाएगा।