मो. जाकिर की फाइल फोटो।
गुडंबा। मड़ियांव के अजीजनगर में इंस्टाग्राम पर रील बनाते समय मो. जाकिर (19) फंदे से लटक गया। तीसरे दिन अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद मोबाइल में रिकॉर्ड वीडियो को डिलीट कर दिया गया।
मूलरूप से बलरामपुर जिले के सादुल्लाहनगर निवासी रफीक परिवार के साथ अजीजनगर में रहते हैं और कबाड़ का काम करते हैं। उनका बेटा मो. जाकिर भी कबाड़ मंडी में काम करता था और इंस्टाग्राम पर रील बनाता था।
रफीक के मुताबिक, पांच अप्रैल की दोपहर जाकिर घर में मां शहनाज बानो के साथ था। परिवार के अन्य सदस्य काम पर गए थे। जाकिर ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और कुर्सी पर चढ़कर चादर को पंखे से बांधकर फंदा लगाते हुए रील बनाने लगा। इसी दौरान अचानक कुर्सी का संतुलन बिगड़ गया और उसकी गर्दन फंदे में फंस गई, जिससे वह लटक गया। कमरे से आवाज आने पर मां शहनाज दरवाजे तक पहुंचीं, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। आसपास के लोगों की मदद से वह दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची। वहां जाकिर फंदे से लटका हुआ था। आननफानन उसे फंदे से उतारकर बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक जाकिर ‘जाकिर सिड’ नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट चलाता था। उसके 1700 से अधिक फॉलोअर्स थे। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।