लखनऊ। लखनऊ विवि के इंजीनियरिंग के छात्र अब आधुनिक तकनीक के साथ कदमताल करते दिखेंगे। नवीन परिसर स्थित संकाय में आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) तकनीक से लैस प्रयोगशालाएं बनाई गई हैं। कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने मंगलवार को इनके उद्घाटन के साथ ही स्वचालित सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइट्स और एप्पल आई मैक प्रयोगशाला का लोकार्पण किया।
कुलपति ने कहा, लविवि में आधारभूत संरचना और तकनीकी नवाचार को समान रूप से प्राथमिकता दी जा रही है। इससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शैक्षणिक वातावरण मिल सके। अभियांत्रिकी एवं तकनीकी संकाय में स्थापित एआई प्रयोगशाला छात्रों को मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, कंप्यूटर विजन, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग और डाटा एनालिटिक्स जैसे क्षेत्रों में अनुसंधान एवं नवाचार की दिशा में सशक्त बनाएगी।
एप्पल आई मैक प्रयोगशाला विवि को ‘एप्पल ऑथराइज्ड ट्रेनिंग सेंटर फॉर एजुकेशन (एएटीसीई)’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मैक सिस्टम, स्विफ्ट, एक्सकोड और एप्पल के डेवलपर टूल्स की सहायता से बीटेक के छात्र नई एप्लीकेशन विकसित करने में सक्षम होंगे। इस मौके पर डीन प्रो. एके सिंह, प्रो. दुर्गेश श्रीवास्तव, डॉ. हिमांशु पांडये, प्रो. आरके सिंह, प्रो. बीडी सिंह व अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।