लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में फेफड़ों के कैंसर, टीबी की जांच अब और सटीक व आसान हो सकेगी। श्वसन रोग विभाग ने एंडोब्रोंकियल अल्ट्रासाउंड (ईबीयूएस) तकनीक का सफलतापूर्वक इस्तेमाल कर नई उपलब्धि हासिल की है। इससे फेफड़ों के कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरण में ही पता लगाना संभव होगा।
विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में डॉ. हेमंत कुमार, डॉ. पुलकित गुप्ता, डॉ. मृत्युंजय सिंह और डॉ. सुलक्षणा गौतम की टीम ने प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। प्रो. डॉ. अजय कुमार वर्मा ने बताया कि यह तकनीक फेफड़ों के कैंसर और छाती के लिम्फ नोड्स से जुड़ी बीमारियों के शीघ्र व सटीक निदान में बेहद उपयोगी है। टीबी, सारकॉइडोसिस तथा अन्य श्वसन रोगों की पहचान में भी यह अहम भूमिका निभाएगी।