लॉकडाउन के चलते 16 मार्च से बंद चल रहा नवाब वाजिद अली प्राणि उद्यान मंगलवार को गाइडलाइन के तहत खोल दिया गया। हालांकि, पहले दिन महज 45 दर्शक ही जू की सैर करने पहुंचे। जू स्टाफ के मुताबिक बीते कई दशकों में एक दिन में जू पहुंचे दर्शकों की यह सबसे कम संख्या रही।
इससे पहले जू में ऐसा कोई दिन नहीं रहा जब सात से आठ सौ दर्शकों ने जू की सैर न की हो। जू में ऑनलाइन टिकट लेकर आए दर्शकों की सैर के लिए दो-दो घंटे की तीन पालियां तय की गई थीं। तीनों पालियों में महज 45 दर्शक ही सैर करने पहुंचे। सुबह की पहली पाली में तो सिर्फ 4 दर्शक ही पहुंचे।
जू में प्रकृति शिक्षण केंद्र, 3डी हाल, रात्रिचर बाड़ा, मछलीघर, बालरेल, बैटरी वाहन आदि का संचालन बंद है। दर्शक परिसर के बाड़ों के बाहर घूम टहल कर लौट गए। जितेंद्र कुमार ने बताया कि जू में काफी जोन खुले न होने से सैर पूरी न हो सकी।