लखनऊ में अमित कुमार का शव मौरंग भरी बोरियों से बांधकर नाले में फेंका मिला। गला दबाकर हत्या की आशंका है। पहचान सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होने के बाद हुई। पुलिस जमीन विवाद और करीबियों की भूमिका की जांच कर रही है। इसी नाले में पूर्व में दो और शव मिलने से ग्रामीण दहशत में हैं।
लखनऊ में निगोहां क्षेत्र के राधाकृष्ण खेड़ा गांव निवासी अमित कुमार की हत्या कर शव गौतमखेड़ा गांव स्थित बांक नाले में फेंक दिया गया। हत्यारों ने शव दो बोरियों से बांधकर नाले में फेंका। इनमें मौरंग भरी थी, ताकि शव न उतराए।
सोशल मीडिया पर तस्वीर जारी होने से शिनाख्त
पुलिस ने काफी देर तक स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान कराने का प्रयास किया। प्रधान ने भी शव की तस्वीर ग्रामीणों को भेजी, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। सोशल मीडिया पर तस्वीर जारी करने के बाद शव की पहचान राधाकृष्ण खेड़ा गांव निवासी ईश्वरदीन के बेटे अमित के रूप में हुई। बड़े भाई बेचा और छोटे भाई प्रेम ने बताया कि अमित नशे का आदी था। वह अक्सर घर से लापता हो जाता था। परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है।
जमीन विवाद की दिशा में छानबीन
पुलिस सूत्रों का कहना है कि अमित का कुछ लोगों से जमीन का विवाद चल रहा था। मामले में कोर्ट में वाद भी दाखिल किया गया था। पुलिस जमीन विवाद की दिशा में छानबीन कर रही है। अमित के साथ काम करने वालों से भी पूछताछ की जा रही है। हत्या में एक से अधिक लोगों की भूमिका की बात सामने आई है।
महिला की भी हत्या कर इसी नाले में फेंका था
घटना के बाद से लोगों में दहशत का माहौल है। कुछ दिन पहले एक महिला की भी हत्या कर बोरी में शव भरकर इसी नाले में फेंका गया था। शव पानी से बाहर न आए, इसके लिए बोरी में ईंट व पत्थर भरा गया था। अमित की हत्या भी इसी तरीके से की गई।