मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब प्रदेश में कोई माफिया या अपराधी किसी व्यापारी को धमकी नहीं दे सकता है, गुंडा टैक्स और चौथ वसूली नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को मालूम है कि यदि कोई जबरदस्ती करने का प्रयास भी करेगा तो भले ही उसके खिलाफ व्यापारी की बोली नहीं निकले लेकिन पुलिस की गोली उस अपराधी के लिए अवश्य निकल जाएगी।
उन्होंने कहा कि सपा शासन में सत्ता के संरक्षण में श्रवण साहू की हत्या करने वाले अपराधी ने पुलिस महानिदेशक दफ्तर से पांच सौ मीटर की दूरी पर शत्रु संपत्ति पर अवैध मकान बनाया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उस संपत्ति पर बुलडोजर चलाकर जमीन को फिर सरकार के कब्जे में ले लिया। उन्होंने कहा कि सपा दुर्दांत माफियाओं की सरपरस्त थी इसलिए उनकी संपत्ति पर बुलडोजर चलता है तो सपा को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बुलडोजर जनता के लिए सड़क बनाने और सार्वजनिक और व्यापारियों की भूमि पर कब्जा कर भवन बनाने वाले माफिया की संपत्ति पर चलता है।
उन्होंने कहा कि सपा शासन में शामली के कैराना से व्यापारियों का पलायन किसे याद नहीं है। सत्ता संरक्षित माफियाओं के भय से 70 प्रतिशत व्यापारियों को पलायन करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में वही व्यापारी वापस कैराना लौट आए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी खुशहाल और नागरिक सुरक्षित होगा तो प्रदेश की आय बढ़ेगी और अग्रणी अर्थव्यवस्था बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हस्तलिपियों और कारीगरों को सम्मानित करने और व्यापारियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम केवल भाजपा ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की गारंटी और व्यापार का उत्तम माहौल भी भाजपा ही दे सकती है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी के साथ नई अर्थव्यवस्था के रुप में उभर रहा है। ईज ऑफ डूंइग में यूपी देश में दूसरे स्थान पर आ गया है। आज यूपी देश व विदेश से आने वाले किसी भी निवेश के लिए सबसे उपयुक्त गंतव्य है। उन्होंने कहा कि व्यापारी सम्रद्ध और खुशहाल होगा तो देश व प्रदेश सम्रद्ध व ख़ुशहाल होगा। सम्मेलन को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, उत्तर प्रदेश व्यापारिक कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा और महापौर संयुक्ता भाटिया ने संबोधित किया।