बुद्धेश्वर चौराहे के पास जेआरएम लॉन में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में धूमधाम से हुआ बेटियों क?
लखनऊ। एक-दो नहीं बल्कि 69 कन्याओं के विवाह का आयोजन हरदोई रोड स्थित जेआरएम लॉन में सोमवार को हुआ। 55 कन्याओं के साथ तो उनके माता-पिता व अन्य परिवारीजन मौजूद थे, लेकिन 14 ऐसी बेटियां भी थीं, जिनके घरातियों में मंत्री, सांसद, अधिकारी, बाल आयोग व बाल कल्याण समिति के सदस्य और उन्हीं की तरह निराश्रित बच्चे शामिल थे।
सभी के आशीर्वाद और ढेर सारे उपहार लेकर ये बेटियां विदा हुईं। पाश्चात्यवर्ती देखरेख संगठन मोतीनगर में रहने वाली मनीषा, शालिनी कश्यप, रूबी, चंदा, मीनू, अनुवंशिका, सीमा, नेहा, रानी, मालती, राधिका, पिंकी, मानसी और गीता के स्वयंवर का आयोजन महिला व बाल कल्याण की ओर से किया गया था। वर चयन, उनकी सतर्कता जांच और तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इनके विवाह की रस्म शुक्रवार से शुरू हुई थी। हल्दी-मेहंदी के जश्न के बाद सोमवार को सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया था। इस दौरान मंत्री स्वाति सिंह, सांसद कौशल किशोर के अलावा महिला एवं बाल कल्याण विभाग से मनोज कुमार राय, पुनीत मिश्रा, सुधाकरण शरण पांडेय, डॉ. अमरनाथ, वन स्टॉप सेंटर मैनेजर अर्चना सिंह, सीडब्ल्यूसी से कुलदीप रंजन, डॉ. संगीत शर्मा, वीके श्रीवास्तव, ऋचा खन्ना, सुधा रानी और बाल आयोग से डॉ. सुचिता चतुर्वेदी, डॉ. प्रीति वर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।