लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के प्रोफेसर राजीव मनोहर को झारखंड के श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची का कुलपति नियुक्त किया गया है। झारखंड के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति के अपर मुख्य सचिव की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। वह पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले तीन वर्ष तक इस पद पर कार्य करेंगे।
डॉ. राजीव मनोहर लखनऊ विश्वविद्यालय में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के निदेशक भी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में विश्वविद्यालय को नैक की ए प्लस प्लस रेटिंग मिली थी। तीन दशक से अधिक के शैक्षणिक कॅरिअर में उन्होंने संघनित पदार्थ भौतिकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विशेष रूप से लिक्विड क्रिस्टल और नैनोमैटेरियल कॉम्पोजिट्स पर उनके शोध को वैश्विक पहचान मिली है। उनके 400 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित हो चुके हैं।
वर्तमान में दो अन्य प्रोफेसर भी कुलपति
लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रो. राजीव मनोहर के साथ-साथ यहां के दो अन्य वरिष्ठ प्रोफेसर भी वर्तमान में कुलपति के रूप में नेतृत्व कर रहे हैं। इनमें प्रोफेसर मनोज दीक्षित महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलपति हैं। प्रो. पूनम टंडन दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय, गोरखपुर की कुलपति हैं।