लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्लेसमेंट सेल (सीपीसी) ने विद्यार्थियों को नीतिगत अनुसंधान इंटर्नशिप के लिए तैयार करने की पहल की है। इस अवसर का लाभ शैक्षिक सत्र 2025–26 में प्रवेश ले चुके विश्वविद्यालय के नियमित विद्यार्थियों के साथ-साथ संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र भी उठा सकेंगे। इच्छुक छात्र ऑनलाइन माध्यम से 18 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। चयनितों को कार्यक्रम पूर्ण होने के बाद प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
सीपीसी के निदेशक प्रो. अनूप कुमार भारतीय ने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार की ओर से नीतिगत अनुसंधान इंटर्नशिप की पेशकश की गई है। इसका उद्देश्य छात्रों और हाल ही में स्नातक हुए युवाओं को उच्च-स्तरीय नीति अनुसंधान, शासन अध्ययन और विधायी मसौदा तैयार करने का व्यावहारिक अनुभव देना है।
यह इंटर्नशिप पूरी तरह रिमोट मोड (वर्क फ्रॉम होम) में आयोजित होगी और इसकी अवधि छह माह होगी। किसी भी विषय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर छात्र इसके लिए पात्र हैं। कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय नीतियों का अध्ययन, नीति-नोट और ब्रीफ तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
केंद्रीय प्लेसमेंट सेल केवल सूचना साझा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों को प्रतिष्ठित इंटर्नशिप के लिए सक्षम बनाने पर भी काम कर रहा है। छात्रों की मांग के आधार पर सीमित संख्या में विशेष कौशल-विकास वर्कशॉप और ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नीति अनुसंधान, विश्लेषणात्मक लेखन, ब्रीफिंग और ड्राफ्टिंग जैसे कौशल पर मार्गदर्शन मिलेगा।