प्रदर्शन के दौरान छात्रों की पुलिस से झड़प हुई
- फोटो : amar ujala
लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की मांग और अपने ऊपर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को छात्र आक्रोशित हो उठे। अनशन के तीसरे दिन भी कोई सुनवाई न होने से नाराज स्टूडेंट्स ने पहले गेट नंबर एक पर जाम लगा दिया। पुलिस और प्रशासन ने जाम खुलवाया तो छात्रों ने आत्मदाह की कोशिश की।
मौके पर मौजूद पुलिस के जवानों ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। स्टूडेंट्स का आरोप है कि एलयू प्रशासन इस मामले में उदासीन बना हुआ है। जबकि विवि प्रशासन चाहे तो हाईकोर्ट में मामले की जल्द सुनवाई के लिए प्रयास कर सकता है। वहीं एलयू प्रशासन पहले की तरह मामला कोर्ट में होने की बात कहते हुए अपना पल्ला झाड़ रहा है।
रोड जाम कर रहे स्टूडेंट्स को अंदर करके भाऊराव देवरस द्वार पर ताला लगा दिया गया। इसके बाद स्टूडेंट्स ने आत्मदाह की कोशिश की। देर शाम तक विवि में स्थिति जस की तस बनी रही। विवि में पिछले 12 साल से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं।