लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के सभी विभागों में अब पाठ्यक्रमों को इंटर्नशिप-उन्मुख, व्यावहारिक और कौशल-आधारित बनाया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को रोजगार आसानी से मिले इसके लिए कैंपस प्लेसमेंट की नई नीति को लागू किया जाएगा।
कुलपति प्रो. जेपी सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को कैंपस प्लेसमेंट सेल की टीम की साथ हुई बैठक में वर्तमान प्लेसमेंट प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। कुलपति ने वर्तमान प्लेसमेंट नीति की समीक्षा करने के बाद नई नीति के लिए अपनी ओर से सुझाव दिए हैं। इसके अलावा केंद्रीय प्लेसमेंट सेल टीम और विभागाध्यक्षों से भी सुझाव मांगे हैं। प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अनूप भारतीय ने बताया कि कुलपति ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित कंपनियों, बड़ी कॉर्पोरेट इकाइयों और उच्च वेतन-पैकेज प्रदान करने वाली शीर्ष संस्थाओं को कैंपस से जोड़ने के लिए कहा है।
कुलपति ने निर्देश दिया कि प्लेसमेंट एवं इंटर्नशिप गतिविधियों के लिए विभागवार और विश्वविद्यालय स्तर पर स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए जाएं। इन लक्ष्यों की नियमित समीक्षा की जाए और उनकी प्राप्ति के लिए एक समयबद्ध एवं योजनाबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। विवि के प्लेसमेंट सेल की टीम को उन क्षेत्रों व उद्योगों की पहचान करनी की जिम्मेदारी दी गई है जहां भविष्य में मांग बढ़ रही है।