लखनऊ। एमबीए करने की राह में अब नौकरी की बाधा नहीं आएगी। लखनऊ विश्वविद्यालय कामगारों के लिए अब एग्जीक्यूटिव एमबीए शुरू करने जा रहा है। फैकल्टी बोर्ड से इसका प्रस्ताव पास हो चुका है। एकेडमिक काउंसिल और कार्यपरिषद से मुहर लगने के बाद इसकी शुरुआत होगी। इसकी फीस 99 हजार रुपये प्रति सेमेस्टर प्रस्तावित है।
लविवि के प्रवक्ता प्रो. दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि काफी विद्यार्थी ऐसे होते हैं जिनको नौकरी की वजह से आगे पढ़ाई का मौका नहीं मिलता है। वहीं नौकरी कर रहे काफी प्रोफेशनल ऐसे होते हैं जो अपनी स्किल बढ़ाना चाहते हैं। इसे देखते हुए कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय जो खुद भी प्रबंधन विभाग के शिक्षक हैं, की पहल पर एग्जीक्यूटिव एमबीए का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस कोर्स में काम कर रहे लोग दाखिला ले सकते हैं। इसकी पढ़ाई हाइब्रिड मोड पर होगी। मतलब कुछ कक्षाएं ऑनलाइन तो कुछ ऑफलाइन मोड पर परिसर में होगी। कोशिश की जाएगी कि ये कक्षाएं छुट्टी के दिन हों। इससे स्टूडेंट अपनी नौकरी के साथ ही पढ़ाई भी कर सकेंगे।
दो साल का अनुभव जरूरी
एमबीए विभाग के शिक्षक संजय मेधावी ने बताया कि इस पाठ्यक्रम में दाखिला लेने के लिए न्यूनतम दो साल काम करने का अनुभव होना चाहिए। इसके साथ ही उसे स्नातक उत्तीर्ण होना चाहिए। अभ्यर्थी के हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और स्नातक के अंकों और साक्षात्कार के आधार पर दाखिला दिया जाएगा।