लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय (लविवि) ने स्नातक प्रवेश सत्र 2026-27 के तहत प्रवेश ले चुके विद्यार्थियों के काउंसिलिंग शेड्यूल मंगलवार को जारी कर दिया। इसके अलावा बीएससी बायोलॉजी और बीएससी मैथ्स में तीसरे आवंटन और एमबीए और एलएलबी में पहले चरण का सीट आवंटन परिणाम जारी किया गया है।
जिन अभ्यर्थियों को प्रोविजनल अलॉटमेंट लेटर जारी हो चुका है, लेकिन उनके अभिलेखों का सत्यापन नहीं हुआ है, वे 13 और 14 अगस्त को सुबह 10 बजे अपने संबंधित विभाग या संकाय में पहुंचकर सत्यापन करा सकते हैं। प्रवेश समन्वयक प्रो. अनित्य गौरव ने बताया कि अभ्यर्थियों को प्रोविजनल अलॉटमेंट लेटर और फीस रसीद के साथ सभी मूल प्रमाणपत्र (आरक्षण प्रमाणपत्र सहित), अंकपत्र, टीसी, चरित्र प्रमाण-पत्र और इनकी एक-एक स्व-हस्ताक्षरित छायाप्रति साथ लानी होगी।
किसका कहां होगा सत्यापन
- बीबीए व बीबीए (टूरिज्म): इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज, जानकीपुरम।
- बीसीए: इंजीनियरिंग संकाय, जानकीपुरम।
- बीसीए (एआई, साइबर सिक्योरिटी, आईओटी, डेटा साइंस): ओएनजीसी भवन।
- डीफार्मा: फार्मेसी संस्थान, जानकीपुरम।
- बीवॉक (रिन्यूएबल एनर्जी): विज्ञान संकाय।
- एलएलबी (इंटीग्रेटेड 5 वर्ष): विधि संकाय, जानकीपुरम।
- बीकॉम (एनईपी) व बीकॉम (ऑनर्स): वाणिज्य संकाय।
- बीएससी कृषि: वनस्पति विज्ञान (बॉटनी) विभाग।
- बीवीए / बीएफए: ललित कला संकाय।
-
बीएससी बायो और मैथ्स में तीसरे आवंटन का परिणाम जारी
लविवि स्नातक प्रवेश सत्र 2026-27 के अंतर्गत ऑनलाइन काउंसिलिंग के तीसरे चरण का परिणाम जारी कर दिया है। विवि प्रशासन की ओर से बीएससी बायोलॉजी और बीएससी मैथ्स पाठ्यक्रमों में उपलब्ध बची हुई सीटों के सापेक्ष मेधा सूची (मेरिट) के अनुसार सीट आवंटन जारी किया गया है। अभ्यर्थी अपने एप्लीकेशन फॉर्म नंबर की सहायता से 12 अगस्त को सुबह 10 बजे के बाद ऑनलाइन आवंटन परिणाम देख सकते हैं। वहीं जिन अभ्यर्थियों को तीसरे आवंटन में सीट आवंटित की गई है, उन्हें प्रवेश पक्का करने के लिए ऑनलाइन सीट कन्फर्मेशन फीस जमा करनी होगी। अभ्यर्थी 13 अगस्त तक फीस नहीं जमा करते हैं तो प्रवेश निरस्त होगा।
एमबीए और एलएलबी में पहले चरण का सीट आवंटन परिणाम जारी
लविवि ने परास्नातक प्रवेश सत्र 2026-27 के तहत एमबीए, एमबीए (टीटीएम) और एलएलबी पाठ्यक्रमों का पहले चरण सीट आवंटन परिणाम जारी कर दिया है। जिन अभ्यर्थियों को प्रथम चरण में सीट आवंटित हुई है, उन्हें अपना प्रवेश पक्का करने के लिए ऑनलाइन सीट कन्फर्मेशन फीस जमा करनी होगी।
परास्नातक में प्रवेश ले चुके विद्यार्थियों की काउंसिलिंग 14 को
लविवि परास्नातक सत्र 2026-27 के अलग-अलग पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले चुके अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज सत्यापन तिथि घोषित कर दी है। जिन अभ्यर्थियों का प्रवेश प्रक्रिया के तहत आवंटन पूरा हो चुका है और प्रोविजनल अलॉटमेंट लेटर जारी कर दिया गया है, उन्हें 14 अगस्त 10 बजे काउंसिलिंग करानी होगी। इसके लिए प्रोविजनल अलॉटमेंट लेटर, फीस रसीद, सभी मूल प्रमाणपत्र व अंकपत्र लाने होंगे।