लखनऊ यूनिवर्सिटी एसोसिएटेड कॉलेज मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट (लुआक्मैट) का आयोजन अब 10 अगस्त को किया जाएगा, जबकि सामान्य कोर्सों की प्रवेश परीक्षा (लुआक्सेट) छह व आठ अगस्त को होगी।
साथ ही इसमें प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीख दो अगस्त तक बढ़ा दी गई है। लखनऊ विवि से सहयुक्त 12 कॉलेजों में स्नातक प्रोफेशनल कोर्सों में प्रवेश के लिए नेशनल पीजी कॉलेज लुआक्मैट का आयोजन किया जाता है।
इस बार कॉलेज ने पूर्व में इसके लिए 29 जुलाई और लुआक्सेट के लिए 27 व 28 जुलाई तय की गई थी। किंतु अभी तक सीबीएसई व आईसीएसई का परीक्षा परिणाम जारी नहीं किया गया है।
साथ ही यूजीसी ने हाल में एक पत्र जारी कर कहा कि उक्त बोर्ड के परिणाम जारी होने तक कोई भी कॉलेज एडमिशन विंडो बंद नहीं करेगा।
इस क्रम में शनिवार को प्राचार्य प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रवेश समिति की बैठक हुई। इसमें यूजीसी के निर्देशानुसार प्रवेश परीक्षा की तारीख संशोधित करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि छह अगस्त को बीए व बीएससी गणित, आठ अगस्त को बीकॉम एवं बीएससी बायो ग्रुप की प्रवेश परीक्षा और दस अगस्त को बीसीए, बीवॉक, बीकॉम ऑनर्स, बीबीए, बीबीए एमएस, बीएजेएमसी और बीबीए पर्यटन की प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी।
प्रो. सिंह ने कहा कि बीए, बीकॉम और बीएससी में प्रवेश परीक्षा फॉर्म तभी पूरा माना जाएगा जब इसमें 12वीं के नंबर अपलोड किए जाएंगे। इसके बाद ही प्रवेश पत्र जारी होंगे।
प्रवेश परीक्षा का परिणाम 13 अगस्त को कॉलेज की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। साथ ही अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर पर भी भेजा जाएगा। प्रवेश काउंसिलिंग 17 अगस्त से प्रस्तावित है।
भाषा विवि में प्रवेश आवेदन अब 24 तक
ख्वाजा मोईनुद्दीन भाषा विवि में नए शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए प्रवेश आवेदन की तिथि 24 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। पूर्व में यह 15 जुलाई थी। विवि की मीडिया प्रभारी डॉ. तनु डंग ने बताया कि विद्यार्थी बीए, बीएससी, बीकॉम ऑनर्स, बीबीए, बीसीए, बीएजेएमसी, बीटेक के साथ ही एमए, एमकॉम, एमबीए, एमसीए, एमजेएमसी, एमएससी गृह विज्ञान, एमटेक, एलएलएम में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। साथ ही कई डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विवि द्वारा पिछले सत्र से प्रोफेसिएंसी इन फ्रेेंच, बी फार्मिंग, संस्कृत, हिंदुस्तानी वोकल में सर्टिफिकेट कोर्स भी शुरू किए हैं। इनमें भी विद्यार्थी प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।
केकेसी, केकेवी ने भी बढ़ाई आवेदन तारीख
केकेसी, केकेवी में प्रवेश आवेदन की तारीख 20 जुलाई निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर 30 जुलाई कर दिया गया है। इसी प्रकार नगर निगम डिग्री कॉलेज व महाराजा बिजली पासी पीजी कॉलेज ने भी प्रवेश आवेदन की तारीख 30 जुलाई तक बढ़ा दी है। इसके बाद मेरिट के आधार पर प्रवेश होंगे।