पुलिस पर लापरवाही का आरोप, सख्त कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने आरोप लगाया कि पहले हुए विवाद के दौरान पुलिस ने लापरवाही बरती। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि घटना ने उनके परिवार को उजाड़ दिया है और उन्हें न्याय मिलना चाहिए।
बेटी को सरकारी नौकरी और एक करोड़ मुआवजे की मांग
परिजनों ने मृतक शिवा की बेटी को सरकारी नौकरी देने और परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी उठाई। इसके अलावा उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। शव रखकर प्रदर्शन के दौरान इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी निलंबित
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों अधिकारियों के खिलाफ यह कार्रवाई ट्रिपल मर्डर की घटना के बाद की गई है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और चार खोखे बरामद
पुलिस ने गोलीबारी के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और चार खाली कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।