राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्टेशन से सहारनपुर को जाने वाली वंदेभारत को अपेक्षित यात्री नहीं मिल रहे हैं। यही वजह है कि ट्रेन की चेयरकार में 317 तक सीटें रिक्त हैं। यह हाल महंगे किराए के चलते है। जबकि रूट पर चलने वाली बेगमपुरा, अर्चना, पंजाब मेल आदि ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं। ऐसे में यात्रियों की मांग है कि रेलवे को यात्री हित में किराया कम करना चाहिए।
सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया अधिक है। इसके चलते यात्री इस ट्रेन में सफर करने से बच रहे हैं। लखनऊ से सहारनपुर के लिए वंदे भारत की चेयरकार का किराया 1460 रुपये है। इसमें 307 रुपये कैटरिंग चार्ज है। जबकि एग्जीक्यूटिव श्रेणी में किराया 2685 रुपये है। इसमें कैटरिंग चार्ज 368 रुपये है। वहीं रूट पर चलने वाली अन्य ट्रेनों में स्लीपर का किराया 350 रुपये, थर्ड एसी का 905 रुपये, सेकेंड व फर्स्ट एसी का किराया क्रमशः 1260 रुपये एवं 2085 रुपये है।
दैनिक यात्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस उप्पल ने बताया कि वंदेभारत ट्रेन का किराया महंगा है। मसलन, लखनऊ से सीतापुर के लिए किराया करीब 500 रुपये है। ऐसे ही सहारनपुर के लिए किराया 26 सौ से अधिक है। ऐसे में यात्री अन्य ट्रेनों में विकल्प तलाशते हैं। लग्जरी बसें भी कम किराए में मिल रही हैं। रेलवे को यात्री हित में किराया कम करना चाहिए।