ट्रेन में महिला यात्री से होती झड़प
दिल्ली से लखनऊ आ रही लखनऊ स्वर्ण शताब्दी (12004) की सभी बोगियों का एसी फेल होने से सोमवार को ट्रेन में जमकर हंगामा हुआ। एक महिला यात्री ने शिकायत के बाद भी एसी ठीक न होने पर इटावा स्टेशन पर चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दी।
जिस पर अन्य यात्रियों ने आपत्ति जताई। थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों के यात्रियों में तीखी नोक-झोंक शुरू हो गई। कुछ यात्री जहां ट्रेन के लेट होने पर नाराजगी जाहिर कर रहे थे, वहीं महिला रेलवे प्रशासन द्वारा एसी ठीक न कराये जाने से नाराज थी।
ट्रेन में मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया। इस दौरान लगभग सभी यात्री गर्मी से बेहाल होकर ट्रेन से नीचे उतर गए और एसी ठीक होने के बाद ही ट्रेन को आगे बढ़ाने के लिए अड़ गए।
इसके चलते ट्रेन इटावा स्टेशन पर करीब आधे घंटे तक खड़ी रही। मौके पर पहुंचे टीटी ने तकनीकी दिक्कतों का हवाला देते हुए यात्रियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने एक न मानी।
आखिरकार इटावा रेलवे प्रशासन ने आनन-फानन में एसी चालू कराकर ट्रेन को रवाना कराया। इस घटना का वीडिया वायरल होने के बाद लखनऊ से लेकर दिल्ली तक हड़कंप मचा हुआ है। सामान्य ट्रेनों की बदहाली के बाद अब शताब्दी और राजधानी में भी इस तरह की घटनाएं आम होने लगी हैं।