महिगवां थाना क्षेत्र के रायपुर बाबू गांव की रहने वाली महिला सुभाषिनी ने गांव के लगभग छह लोगों पर मारपीट गाली गलौज और पथराव का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पीड़िता का आरोप है कि एक पुरानी शिकायत पर पुलिस जांच के लिए आयी थी। जैसे ही पुलिस जांचकर वापस गई आरोपियों ने उससे मारपीट की। जब वह घर के अंदर चली गयी तो फिर पथराव शुरु कर दिया।
विज्ञापन
पीड़िता ने महिगवां पुलिस को शिकायत कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पीड़िता ने बताया कि बुधवार को उसने एक शिकायत गांव के रहने वाले के खिलाफ गाली गलौज और मारपीट की दी थी। जिसकी जांच के लिए पुलिस दूसरे दिन 11 बजे आई। पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शान्त करवा दिया।
पुलिस जा रही थी इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति रुपचन्द ने शिकायत किया कि सुभाषिनी की छत का पानी नींव पर गिरता है इसकी व्यवस्था करवा लें। पुलिस ने यह भी मामला शान्त करवाया। इधर पुलिस गांव से बाहर निकली उधर विपक्षियों ने जानलेवा हमला कर दिया। पहले लाठी डंडों से हमला किया। इसके बाद पथराव किया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो सभी आरोपी फरार हो गए। महिगवां प्रभारी निरीक्षक रामकुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस शिकायत पर जांच कर रही है।