परिवहन निगम ने राजधानी में खासतौर पर शुक्रवार एवं शनिवार को घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा केलिए विशेष इंतजाम किया है। इसके लिए आलमबाग, कैसरबाग, व कमता (अवध) अड्डे पर 300 से अधिक साधारण एवं एसी बसों का अतिरिक्त रूप से चलेंगी। ये बसें 50 सवारी के बैठते ही चल देंगी। इस संबंध में सभी चालकों एवं परिचालकों को निर्देश दे दिए गये हैं। इस निर्देश का यदि कोई चालक व परिचालक उल्लंघन करता तो सवारी संबंधित बस अड्डे के अधिकारी के मोबाइल नंबर पर समस्या बता सकता है। क्षेत्रीय प्रबंधक पीके बोस ने बताया कि आलमबाग, कैसरबाग एवं अवध बस अड्डे पर यात्रियों को बस में सवार बैठने से पहले के तापमान की जांच की जा रही है। इसके साथ बस की रवानगी से पहले पूरी तरह सैनिटाइज भी किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए सभी डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बस अड्डे पर सुबह से मुस्तैद रहेंगे।
दिल्ली से यात्रियों को लेकर आज चलेंगी
लखनऊ से 60 साधारण एवं एसी बसों को बृहस्पतिवार शाम दिल्ली रवाना किया गया है। इनमें बहुत सी ऐसी बसें थी जिनमें पर्याप्त यात्री भी नहीं थे। मगर, शुक्रवार एवं शनिवार को दिल्ली से निकलने वाले यात्रियों को लेकर ये बसें लखनऊ सहित पूर्वांचल को नान स्टाप बनकर चलेंगी। उम्मीद है कि ये 60 बसें 3000 से अधिक यात्रियों को लेकर लखनऊ, प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, मऊ, आजमगढ़, सुल्तानपुर, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, अयोध्या आदि को जाएंगी।
एसी बसें फुल, साधारण में जगह
लखनऊ परिक्षेत्र की 15 एसी बसें स्कैनिया आगामी शुक्रवार व शनिवार के लिए पहले से ही फुल हैं। इनमें यात्री काफी पहले ही आनलाइन सीट बुक करा चुके हैं। जबकि लखनऊ वाराणसी जाने वाले छह स्कैनिया भी फुल हैं। इसके लिए आजमगढ़, बलिया व गोरखपुर की भी एक-एक एसी बस फुल है। मगर, यात्रियों का रेला आने पर साधारण सेवा की बसें उनको गंतव्य तक पहुंचाएंगी। जो स्पेशल बस बन करके कम समय में गंतव्य तक पहुंचेगी।
अवैध बसों के खिलाफ कार्रवाई
यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के क्षेत्रीय अध्यक्ष रूपेश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गये पत्र पर कार्रवाई करने केे आदेश दिए गये हैं। अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन) वीके सोनकिया ने प्रदेश के सभी संभागीय परिवहन अधिकारी एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी और यात्री कर अधिकारी को बस स्टेशन परिसर के एक किमी के दायरे में खड़ी होने वाली अवैध डग्गामार बसों व टैक्सियों के संचालन पर प्रभावी अंकुश लगाने का निर्देश दिया है।
समस्या पर करे काल
अवध अड्डे 9415049617
9415760632
आलमबाग 9415329696
कैसरबाग अड्डे 8887646115