राजधानी के गीतकार व कवि राजेश अरोरा ‘शलभ’ का लिखा और गाया हुआ कोरोना गीत अमेरिका में गूंजेगा। उन्होंने लॉकडाउन के दौरान ‘चलो हम कोरोना को जड़ से मिटा दें...’ गीत लिखा था। यह गीत 12 जून को कैलिफोर्निया के चर्चित रेडियो चैनल में जागरूकता कार्यक्रम में बजाया जाएगा।
यूपी पावर कॉपोरेशन से अधीक्षण अभियंता पद से सेवानिवृत्त हुए नगर के चर्चित कवि गीतकार राजेश अरोरा ‘शलभ’ ने लॉकडाउन के दौरान कोरोना से बचाव और जागरूकता को लेकर दर्जनभर रचनाएं लिखीं।
मंगलवार को उन्होंने बताया कि गाने में उनका साथ नई दिल्ली की गायिका नीरू ने दिया है। गाने की अवधि लगभग 6:24 मिनट है और एक एप के माध्यम से रिकॉर्डिंग की है।
12 की सुबह बजेगा गीत
अमेरिका के रेडियो चैनल बॉली एफएम 92.3 ने कई भारतीय गीतों (कोरोना जागरूकता को लेकर) में से इस गीत को चुना है। ये भारतीय समय के अनुसार 12 जून की सुबह 8.30 बजे से 9.30 बजे के मध्य प्रसारित होने वाले कार्यक्रम ‘गाता रहे मेरा दिल’ में सुना जा सकेगा।
मालूम हो कि नगर के मंचों पर एक हजार से अधिक काव्य पाठ कर चुके गीतकार राजेश कई दशकों से आकाशवाणी और दूरदर्शन से भी जुड़े हुए हैं। हास्य व्यंग्य, गीतों के संग्रह की उनकी डेढ़ दर्जन से अधिक कृतियां और पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।