जेट विमान में प्रयोग किये जाने वाले एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कमिश्नरेट पुलिस ने किया है। इस गिरोह के सात सदस्य दबोचे गये हैं। बंथरा पुलिस व आपूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई में तस्करों के पास से 8500 लीटर एटीएफ, टैंकर व लक्जरी कार बरामद हुई। बरामद एटीएफ की बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
डीसीपी मध्य अपर्णा रजत कौशिक केमुताबिक मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक बंथरा अजय प्रताप सिंह व खाद्य आपूर्ति निरीक्षक सरोजनीनगर की संयुक्त टीम ने अमावां जंगल में दबिश दी। जहां एक टैंकर मिला। जिसमें 8500 लीटर एटीएफ मिला। वहीं मौके से एक लक्जरी कार, 8 मोबाइल, 8800 रुपये नकदी भी बरामद हुई। पुलिस टीम ने छापे के दौरान हरदोई संडीला के अहिरावां का रमेश, मड़ियांव मुदक्कीपुर निवासी अजहर अली, पारा के बजरंग विहार तार वाली बगिया का अंकित साहू, जानकीपुरम के सेक्टर-8 निवासी वकील अहमद, सरोजनीनगर हिंदू खेड़ा के मुकेश, चिल्लावां लोधन टोला का अविनाश कुमार और पारा केसरोसा का राहुल कुमार रावत शामिल है। पुलिस ने आपूर्ति विभाग की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट के सामने पेश कर जेल भेज दिया।
अन्य सदस्यों की खंगाली जा रही कुंडली
प्रभारी निरीक्षक बंथरा अजय प्रताप सिंह केमुताबिक एटीएफ चोरी गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ के बाद कई नाम सामने आये हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। वहीं इस गिरोह के बारे में यह पता किया जा रहा है कि इस तस्करी के काम में कब से जुड़े थे। आरोपियों के पास से मिले मोबाइल से कुछ संदिग्ध नंबर भी मिले है। जिन पर आरोपियों की अक्सर बातें होती थी। इसमें से कई नंबर गैर जनपद के हैं। इस बारे में पता लगाया जा रहा है। इस एटीएफ का प्रयोग कहां करते थे। किसे बेचते थे।
विमान में भरते समय करते थे चोरी
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह एयरपोर्ट पर ही सक्रिय रहता था। वहीं विमानों में भरने के लिए आने वाला एटीएफ रिफलिंग के दौरान चोरी करते थे। जिसे दूसरे टैंकर में जमा करते थे। इसके बाद इसे चिह्नित पेट्रोल पंप पर बेचते थे। पुलिस के मुताबिक एटीएफ की कीमत करीब 128 रुपये है। जिसे यह गिरोह 70-80 रुपये में बेचता था। इस गिरोह से जुडे़ अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।