फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रिट्ज के मालिक की मौत, अब बेटी पर टिकी जांच

Sun, 03 Jan 2016 11:26 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
महानगर इलाके में शुक्रवार रात बाइक सवार हमलावरों की गोलियों का शिकार बने रिट्ज कॉन्टिनेंटल के मालिक ब्रह्माशंकर खन्ना उर्फ बॉबी (60) ने शनिवार देर रात ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया।
विज्ञापन


अब तक इस हत्याकांड में किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी पुलिस को बॉबी की बेटी से अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। बहरहाल पुलिस के हाथ एक फुटेज लगा है। इसमें एक बाइक पर सवार दो लोग बॉबी की कार का पीछा करते नजर आ रहे हैं। पुलिस का मानना है कि यही युवक हमलावर हो सकते हैं। वहीं एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है।

एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि हमलावरों की तलाश में सप्रू मार्ग स्थित रिट्ज कॉन्टिनेंटल से लेकर बॉबी के घर तक के रास्ते में कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं।
विज्ञापन


महानगर गोल चौराहा व उससे पहले के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक बाइक पर सवार दो शख्स कार का पीछा करते नजर आ रहे हैं। फुटेज धुंधली  होने की वजह से चेहरा व बाइक का नंबर साफ नहीं नजर आ रहा है। लिहाजा नंबर का पता लगाने के लिए डिटेक्शन तकनीकी का सहारा लिया जाएगा।

इस तरह की जा रही मामले की जांच

पुलिस को बॉबी के होश में आने पर हमलावरों का सुराग मिलने की उम्मीद थी, लेकिन मौत के बाद अब तफ्तीश बेटी शिवानी पर ही टिकी है। उससे कुछ जानकारी मिलने की उम्मीद है। हिरासत में लिए गए संदिग्ध युवक से बॉबी को परिवारीजन की करीबी नापसंद थी।

बॉबी पर कातिलाना हमले के मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाकर पड़ताल में जुटी पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। दरअसल बॉबी को इस युवक की उनके परिवार से नजदीकी नापसंद थी। उन्होंने अपने करीबी से इसका जिक्र करने के साथ परिवार से जुड़ी अहम बातों पर मशविरा किया था। इस युवक के मोबाइल की कॉल डिटेल के साथ लोकेशन भी चेक किया जा रहा है।

बेटी समेत सात की कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
एएसपी ट्रांसगोमती जय प्रकाश के मुताबिक वारदात के दौरान ब्रह्मा शंकर के साथ मौजूद रही शिवानी के बयान गले नहीं उतर रही है। शिवानी समेत सात लोगों के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। इसमें बॉबी की कॉल डिटेल भी शामिल है।

वहीं पुलिस को बॉबी के दो ऐसे करीबियों के बारे में पता चला है जिनसे वे अपना सुख-दुख साझा करने साथ राय-मशविरा करते थे। हमराज से कुछ सुराग मिलने की उम्मीद में उन्हें विश्वास में लिया जा रहा है।

खौफ या फिर कुछ और...

एएसपी ट्रांसगोमती का कहना है कि फोरेंसिक टीम की जांच में कई चौंकाने वाली बातें उजागर हुईं, जो शिवानी व परिवार के अन्य लोगों के बयान से मेल नहीं खा रही हैं।

ऐसा लग रहा है कि शिवानी व परिवार के अन्य लोग कुछ छिपा रहे हैं। पता लगाया जा रहा है कि खौफ के चलते राज छिपाने की कोशिश की जा रही है या कुछ और वजह है।

31 दिसंबर की रात की भी छानबीन
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने 31 दिसंबर की रात को ध्यान में रखकर खन्ना परिवार व करीबियों के बारे में छानबीन शुरू की है।

पता लगाया जा रहा है कि रिट्ज कॉन्टिनेंटल पर न्यू ईयर वेलकम के लिए किन लोगों ने पार्टी की थी। बॉबी खन्ना, शिवानी व परिवार के अन्य लोगों ने नववर्ष का कहां, कैसे और किसके साथ स्वागत किया। इस दौरान किसी से विवाद तो नहीं हुआ था।
विज्ञापन

20 करोड़ की सम्पत्ति 14 में बेचने का दबाव बना रहे थे

बॉबी के भतीजे रुचित खन्ना ने पुलिस को जानकारी दी कि उसके चाचा फीनिक्स मॉल के पास संपत्ति को 20 करोड़ में बेचना चाहते थे, जबकि कुछ लोग 14 करोड़ में देने का दबाव बना रहे थे। रुचित ने इस रंजिश में हमले की आशंका जताते हुए तहकीकात की मांग की।

व्यापारियों ने जताया शोक
बॉबी की मौत का पता चलते ही उनके रिश्तेदारों के साथ अनेक व्यापारी व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग महानगर स्थित उनके आवास पर पहुंचे।

पोस्टमॉर्टम के बाद उनका शव घर पहुंचते ही पत्नी ऊषा व परिवार के अन्य लोग बिलख पड़े। व्यापारियों ने उन्हें ढांढस बंधाया। अंतिम दर्शन के बाद शव भैंसाकुंड ले जाया गया। वहां बेटे सर्वेश ने उन्हें मुखाग्नि दी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें