राजधानी में आवास की मांग को देखते हुए एलडीए ने नैमिष नगर और वरुण विहार योजना के पहले चरण में 4000 प्लॉट का पंजीकरण खोलने का फैसला किया है। वरुण विहार में जमीन की दर 28,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर तय की गई है। नैमिष नगर में यह दर 32,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर होगी। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इन योजनाओं में पार्क, सड़क, सीवर और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
बसंत कुंज में बनेगा आधुनिक बस अड्डा
बसंत कुंज योजना के सेक्टर-बी में आधुनिक बस अड्डा बनाने के लिए यूपीएसआरटीसी को जमीन मिलेगी। यह नया बस अड्डा शहर के दक्षिणी क्षेत्र के संपर्क को बेहतर बनाएगा। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। एमएसएमई विभाग को भी सरदार पटेल औद्योगिक योजना के तहत 50 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। यहां आईटीआई और अन्य तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान खोले जाएंगे। इनका उद्देश्य युवाओं को रोजगार परक प्रशिक्षण देना और औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देना है।
आगरा एक्सप्रेसवे पर बसेगी वशिष्ठनगर योजना
एलडीए बोर्ड ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे वशिष्ठनगर योजना को भी मंजूरी दी है। यह योजना एक्सप्रेसवे से सटे क्षेत्र में आवासीय, व्यावसायिक और संस्थागत सुविधाएं विकसित करेगी। अधिकारियों के अनुसार एक्सप्रेसवे के कारण इस क्षेत्र में निवेश और मांग बढ़ेगी। मोहान रोड सहित कई योजनाओं में मामूली लेआउट संशोधन के प्रस्ताव भी पास हुए। न्यू हैदराबाद स्थित बीरबल साहनी मार्ग पर अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर को भी मंजूरी मिली है। इस सेंटर में आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी।