लखनऊ। गोरखपुर में आयोजित राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में लखनऊ के खिलाड़ियों ने अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए कुल 10 पदक अपने नाम किए। एक से तीन मई तक तक आयोजित की गई इस प्रतियोगिता में लखनऊ के खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण और चार रजत पदक जीते। पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन लखनऊ के सचिव शत्रुघ्न लाल ने बताया कि खिलाड़ियों ने सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पदक जीते। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुजीत झा और कोषाध्यक्ष अजय शंकर ने विजेताओं को बधाई दी।
प्रतियोगिता में वर्षा रावत ने सब जूनियर श्रेणी के 52 किग्रा वर्ग, यशी श्रीवास्तव ने जूनियर श्रेणी के 63 किग्रा वर्ग, प्रज्ञा उपाध्याय ने जूनियर श्रेणी के 84 किग्रा वर्ग, चन्द्रभान सिंह ने जूनियर और सीनियर 105 किग्रा वर्ग और अमितेश सिंह ने मास्टर-वन श्रेणी के 74 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। हनी गौड़ ने सब-जूनियर श्रेणी के 57 किग्रा वर्ग, पावनी अग्रवाल ने जूनियर श्रेणी के 63 किग्रा वर्ग, पार्थो गांगुली ने जूनियर श्रेणी के 105 किग्रा वर्ग और प्रद्युम्न सिंह ने सीनियर श्रेणी के 93 किग्रा वर्ग में रजत पदक पर कब्जा जमाया।