लखनऊ इलेक्ट्रिक सप्लाई अथॉरिटी (लेसा) के समेसी उपखंड में उस समय अजीब स्थिति बन गई, जब लाइन पेट्रोलिंग के दौरान हेलमेट न पहनने पर संविदा लाइनमैन का 6,000 का चालान काटे जाने से नाराज बिजली कर्मचारियों ने थाना नगराम, हरदोइया पुलिस चौकी और देवीखेड़ा पुलिस बूथ की बिजली आपूर्ति बकाया बिल के चलते काट दिया।
संविदाकर्मी अमरेंद्र ने बताया कि वह लाइनमैन के साथ नगराम-निगोहा मार्ग पर बिजली हाईटेंशन लाइन की पेट्रोलिंग कर रहे थे। समेसी पुल के पास थाना नगराम पुलिस चेकिंग कर रही थी। हेलमेट न पहनने पर दरोगा अनुज भाटी ने उनका 6,000 रुपये का चालान कर दिया। अमरेंद्र का कहना है कि वह बिजली विभाग में संविदा कर्मी हैं और उन्हें मात्र 8,000 मासिक मानदेय मिलता है। लाइन की निगरानी के दौरान हेलमेट पहनने में दिक्कत होने की बात बताने के बावजूद उसकी बाइक का चालान कर दिया गया।
ये भी पढ़ें - राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर SC सख्त, कहा- SIT में चार्टर्ड अकाउंटेंट और फोरेंसिक ऑडिटर को शामिल करें
ये भी पढ़ें - ऑनलाइन समीक्षा बैठकों में लापरवाही पर सख्ती, सीएम ने तय की जवाबदेही; अब अफसरों की उपस्थिति होगी अनिवार्य
उधर, बिजली कर्मी अमरेन्द्र, लाइनमैन दीपक और शत्रोहन लाल ने स्पष्ट कहा कि जब तक बकाया बिजली बिल जमा नहीं कराया जाएगा, तब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जाएगी। थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर दरोगा अनुज भाटी को फटकार लगाई गई है और चालान वापस कराने के निर्देश दिए गए हैं।
3.50 लाख थाने पर बकाया
थाना नगराम पर करीब 3.5 लाख रुपये, जबकि हरदोइया पुलिस चौकी व देवीखेड़ा पुलिस बूथ पर करीब 1.5-1.5 लाख के बकाया बिजली बिल का हवाला देते हुए तीनों थानों की बिजली आपूर्ति काट दी। लाइनमैन दीपक सिंह के अनुसार सोमवार शाम 6:18 पर हरदोइया पुलिस चौकी, 6:45 बजे थाना नगराम की बिजली काट दी गई। समेसी उपखंड के अवर अभियंता आशीष कुमार ने बकाया बिल की पुष्टि की।