पार्षद कोटे पर नौटंकी के साथ नगर निगम और जलकल विभाग का बजट गुरुवार को नगर निगम सदन से पास हो गया। चुनावी वर्ष को देखते हुए पार्षदों ने सदन में जनता पर बोझ बढ़ाने वाले यूजर चार्ज बढ़ोतरी के प्रस्ताव को तो पास नहीं होने दिया लेकिन नगर निगम पर 250 करोड़ रुपये की देनदारी होने के बाद भी कोटा हंगामा करके 60 से 80 लाख करा लिया।
आलमबाग में पांचवा जलकल बनाए जाने के प्रस्ताव को भी सदन ने पास कर दिया है। कार्यकारिणी इस पर पहले ही मोहर लगा चुकी है। वर्षा जल संचयन और सौर ऊर्जा अपनाने वालों को गृहकर में छूट और कचरा फेंकने वालों, कचरा जलाने वालों और खुले में शौच करने वालों पर जुर्माना लगाने का प्रस्ताव भी सदन ने पास कर दिया।
नगर निगम के पार्किंग स्थलों पर साइकिलों को चार घंटे तक शुल्क से मुक्त करने का प्रस्ताव भी सदन ने पास कर दिया। स्मार्ट सिटी योजना के लिए एसपीवी गठन को भी सदन ने मंजूरी दे दी।
बजट को पास करने के लिए बुलाई सदन की बैठक चली तो करीब चार घंटे तक मगर बजट पर 40 मिनट भी चर्चा नहीं हुई और बिना संशोधन के ही सदन ने नगर निगम का 1592 करोड़ रुपये और जलकल का 219 करोड़ रुपये का बजट बिना संशोधन पास कर दिया।
शासन को भेजा जाएगा पत्र
सदन में हुआ हंगामा
- फोटो : Demo
आलमबाग और कानपुर रोड से लगे इलाकों की आबादी के लिए अलीनगर सुनहरा में पांचवा जलकल बनाया जाएगा। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के एवज में वसूले जाने वाले यूजर चार्ज का प्रस्ताव कार्यकारिणी बैठक में तो संशोधन के साथ पास किया गया था लेकिन सदन ने बढ़ोत्तरी के प्रस्ताव को पूरी तरह से खारिज कर दिया और जो प्रस्ताव कार्यकारिणी ने संशोधन के साथ पास किया था उसे भी पूरी तरह खारिज कर दिया।
इसको लेकर सप्रा कांग्रेस और भाजपा तीनों दलों के पार्षदों ने सदन में जमकर हंगामा किया। इसके बाद महापौर ने यूजर चार्ज बढ़ोतरी प्रस्ताव को निरस्त कर दिया और शासन को भेजने का प्रस्ताव पास किया। शासन द्वारा टिपिंग फीस 562 रुपये प्रति मीट्रिक टन से 1604 रुपये किए जाने के बाद यूजर चार्ज में करीब दो गुने की बढ़ोतरी का प्रस्ताव सदन में पेश किया गया था।
पार्षदों को कोटा सदन ने 80 लाख रुपये कर दिया है। इसमें पांच-पांच लाख रुपये पार्क, पेयजल और मार्ग प्रकाश पर खर्च किए जाएंगे। 55 लाख रुपये सड़क, नाली-नाला निर्माण और मरम्मत पर खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा 10 रुपये के कार्यों की प्राथमिकता सूची पार्षद नगर आयुक्त को देंगे और वह उनका परीक्षण करने के बाद कार्य कराएंगे। इस तरह कुल 80 लाख रुपये के कार्य नए वित्तीय वर्ष में पार्षद कराएंगे।
कूड़ा फेंकने, जलाने और खुले में शौच पर जुर्माना तय
सदन ने उन लोगों पर जुर्माना लगाने की हरी झंडी दे दी जो सड़क , नाली या सार्वजनिक स्थान पर कचरा या खुले में शौच करते हैं। अब ऐसे लोगों पर 500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माना नगर निगम ही वसूलेगा।