इंटरमीडिएट के छात्र का मंगलवार दोपहर अपनी प्रेमिका से फोन पर विवाद हो गया। उसने खुदकुशी करने के लिए दवाइयों की ओवरडोज ले ली। इसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। मेटा ने इसका अलर्ट पुलिस मुख्यालय के मीडिया सेल को दिया। छात्र की लोकेशन पता कर सैरपुर पुलिस चार मिनट में उसके घर पहुंची। अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।
डीजीपी प्रशांत कुमार के मुताबिक दोपहर 14:18 बजे मेटा से ई-मेल सोशल मीडिया सेल को मिला। इसमें बताया गया कि इंस्टाग्राम पर संबंधित अकाउंट से वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें खुदकुशी करने की बात कही गई है। मीडिया सेल के अफसर हरकत में आए। एसटीएफ की मदद से 14:28 बजे छात्र की लोकेशन ट्रेस की। जो सैरपुर इलाके की थी। 14:30 बजे इसकी सूचना सैरपुर एसओ जितेंद्र कुमार गुप्ता को दी। सैरपुर पुलिस चार मिनट के भीतर छात्र के घर पहुंची। तत्काल उसको अस्पताल ले गए। इलाज के बाद छात्र की हालत सामान्य हुई। छात्र के पिता पेशे से किसान हैं।
कुछ ऐसी बात कही, मैं आहत हो गया
पुलिसकर्मियों ने जब बातचीत की तो छात्र ने बताया कि फोन पर बात करने के दौरान प्रेमिका से किसी बात पर विवाद होने लगा। उसने कुछ ऐसी बात कह दी, जिससे वह आहत हो गया। प्रेमिका से कहा कि मैं खुदकुशी करने जा रहा हूं। फिर कॉल कट कर दी। पुलिस कर्मियों ने उसे समझाते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह का कदम न उठाए। समस्या हो तो उसको सुलझाए।
अब तक 528 लोगों की बचाई जान
जनवरी 2023 से 20 सितंबर तक के बीच प्रदेश के अलग-अलग जिलों के कुल 528 लोगों की जान पुलिस ने बचाई है। इन मामलों में सोशल मीडिया पर लोगों ने खुदकुशी संबंधी पोस्ट लिखी या वीडियो डाला। मेटा ने अलर्ट भेजा और पुलिस ने सक्रिय होकर ऐसे लोगों की जिंदगी बचाई। दो महीने पहले ही निगोहां में एक युवती की जान बचाई थी।