प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहर के 70 हजार पटरी दुकानदारों को वेंडिंग सर्टिफिकेट के साथ अपना पैगाम भी भेजा है। इसमें लिखा है प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने बनाया आत्मनिर्भर भारत का भागीदार, मिला अधिकार, होंगे सपने साकार। अपर नगर आयुक्त राकेश यादव ने बताया कि बुधवार या बृहस्पतिवार से ये पटरी दुकानदारों तक पहुंचने शुरू हो जाएंगे।
एल्युमिनियम कोटेड प्रमाण पत्र पर दुकानदार की फोटो, नाम, पता और वह कौन सा रोजगार करता है, सब लिखा है। पीएम की पटरी दुकानदारों को 24 नवंबर 2021 को लिखी गई दो पेज की चिट्ठी की शुरुआत कोरोना संकट से एकजुट होकर लड़ी जा रही लड़ाई से की गई है। महामारी के समय पटरी दुकानदारों को संकट से उबारने के लिए शुरू की गई पीएम स्वनिधि योजना के बारे में बताया गया है। योजना के तहत जो 10 हजार का कर्ज दिया गया, उसकी अदायगी कैसे करनी है। समय से अदायगी पर कितनी छूट है।
पीएम ने यह भी लिखा कि स्वनिधि सिर्फ ऋण दिलाने की योजना नहीं, बल्कि इससे आपके पूरे परिवार को सरकार की आठ योजनाओं का लाभ भी दिलाया जा रहा है। इनमें पीएम मुद्रा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना, श्रम रोगी मानधन योजना, भवन एवं निर्माण श्रमिक अधिनियम के तहत पंजीकरण, जननी सुरक्षा योजना, मातृ वंदना योजना व वन नेशन वन राशन कार्ड योजना शामिल है।
पीएम ने लिखा है परेशानी का अहसास
पीएम ने लिखा है कि रेहड़ी-पटरी वालों को अपने रोजमर्रा के काम के दौरान किस प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है, उसका पूरा अहसास उनको है। पत्र के साथ जो पीएम स्वनिधि पहचान बोर्ड भेजा जा रहा है, वह आपको व आपके काम को एक पहचान दिलाएगा, जिसे अपने ठेले या दुकान पर प्रमुखता से प्रदर्शित करें।
टीका लगवाने का आग्रह भी
पत्र में पीएम ने लिखा कि उनकी गुजारिश है कि पटरी दुकानदार अपने परिवार में सभी पात्र सदस्यों को कोरोना वैक्सीन जरूर लगवाएं।
जोनल स्तर से जाएंगे बांटे
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना में अब तक 80263 आवेदन आए हैं। जिसमें से 73446 का ऋण स्वीकृत हो गया है और 68446 को बैंक से मिल भी गया है। जिनको बैंक से ऋण मिल गया है उन सबको पीएक की ओर से भेजे गए वेंडिंग प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।