टिकट कैंसिल करवाने के लिए चारबाग रेलवे स्टेशन पर जुटे यात्री
- फोटो : amar ujala
उत्तर भारत के कई राज्यों में गुरमीत राम रहीम के समर्थकों के उपद्रव के चलते जम्मू कश्मीर, पंजाब व हरियाणा में लखनऊ से होकर गुजरने वाली ट्रेनों के हजारों यात्री फंस गए हैं। बवाल की वजह से सैकड़ों ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। सड़क मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही ठप है, जिससे लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।
उपद्रव के चलते चारबाग से चंडीगढ़ जाने वली ट्रेन संख्या 12231 चंडीगढ़ एक्सप्रेस शुक्रवार को निरस्त कर दी गई। यात्री जब स्टेशन पहुंचे तो उन्हें यह जानकारी मिली। इसके बाद टिकट वापस करने को काउंटरों पर भीड़ उमड़ गई।
ऐसे ही बेगमपुरा व सियालदह एक्सप्रेस के यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। बवाल से शहीद एक्सप्रेस, अमृतसर एक्सप्रेस, पंजाब मेल, बेगमपुरा एक्सप्रेस, किसान व जलियावाला एक्सप्रेस का संचालन प्रभावित हुआ। वहीं, सहरसा अमृतसर गरीब रथ व किसान एक्सप्रेस को दिल्ली में टर्मिनेट कर दिया गया।