शालीमार अपार्टमेंट इंजीनियर हर्षवर्धन सिंह का कहना है कि इकाना में किसी आयोजन की सूचना मिलते ही सोसाइटी के लोग परेशान हो जाते हैं। अपार्टमेंट से निकलते ही सर्विस लेन पर बैरिकेडिंग के कारण आवागमन बाधित हो जाता है। अजुर्नगंज से आने पर शहीद पथ से नीचे उतरने नहीं दिया जाता है। हुसड़िया की ओर से आने वाले दर्शक सर्विस लेन पर उतर जाते हैं और सड़क किनारे, गलियों में गाड़ी खड़ी कर देते हैं। घर से निकलना दुश्वार हो जाता है।
छह किमी का सफर तीन घंटे में
कबीरपुर के अमन सिंह पटेल का कहना है कि स्टेडियम में आयोजन के दौरान सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम की होती है। हुसड़िया से खुर्दही बाजार की दूरी छह किमी है, लेकिन जिस दिन कोई आयोजन होता है उस दिन यह सफर तय करने में तीन घंटे लगते हैं। बृहस्पतिवार को भी दोपहर दो बजे शहीद पथ पर जाम लगने से काफी समस्या का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों को शहीद पथ से इकाना के पास बने रैंप से उतरने नहीं दिया जाता है।