लखनऊ। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेली जा रही 73वीं उत्तर प्रदेश राज्य टेबल टेनिस चैंपियनशिप शनिवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए। इस प्रतियोगिता में लखनऊ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। कैडेट बालक वर्ग में लक्ष्य कुमार और प्रणित अग्रवाल ने जीत दर्ज की। इन खिलाड़ियों ने प्री-क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबलों में बेहतरीन खेल दिखाया।
लक्ष्य कुमार ने वाराणसी के समम लखमानी को हराया। लक्ष्य ने यह मुकाबला 11-4, 11-3, 11-7 के अंतर से अपने नाम किया। प्रणित अग्रवाल ने गौतम बुद्ध नगर के गर्व पंडिता को शिकस्त दी। प्रणित ने यह मैच 11-2, 11-8, 13-11 से जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। कैडेट बालिका वर्ग में मेदुरा सिंह, वर्तिका सिंह और आद्या गोयल ने जीत हासिल की। मेदुरा ने वाराणसी की कृत्वी गोयल को हराया। वर्तिका ने गौतम बुद्ध नगर की प्रन्या नारंग को शिकस्त दी।
आद्या गोयल ने लखनऊ की ही अग्रिमा सिंह को पराजित किया। यूथ बालक वर्ग में लक्ष्य कुमार और शौर्य गोयल ने अगले दौर में जगह बनाई। यूथ बालिका अंडर-17 वर्ग में स्वस्ति चंद्रा और साक्षी तिवारी ने अपने मुकाबले जीतकर जीत दर्ज की। (माई सिटी रिपोर्टर)