हमलावर घात लगाए बैठे थे। अमित जब दफ्तर से बाहर निकले तो हमलावर सतर्क हो गए। जैसे ही वह बाइक में पीछे बैठे वैसे ही उनके सिर में गोली मार दी। पलक झपकते वारदात हुई। न अमित को बचाव करने का मौका मिला और न ही बाइक चलाने वाले अतुल को भागने का। वहीं पर अमित खून से लथपथ होकर गिर गए। वारदात के बाद जब पुलिस ने घटनास्थल पर तफ्तीश की तो आसपास लगे अधिकतर सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। जिससे पुलिस के लिए हमलावरों का फुटेज जुटाना मुश्किल हो गया।
एडीसीपी पूर्वी सैयद अली अब्बास के मुताबिक जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया, उससे साफ है कि हमलावरों को अमित के बारे में पूरी जानकारी थी। उनको पता था कि वह कितने बजे दफ्तर से बाहर निकलते हैं। अब तक की जांच से जो तथ्य सामने आए हैं, उससे पूरी संभावना है कि बदमाश करीब आधे घंटे पहले वहां पहुंचे। वह दफ्तार से अमित के बाहर आने का इंतजार करते रहे। उनके निकलते ही साजिश के तहत वारदात को अंजाम दे डाला। वारदात की साजिश में अमित के किसी परिचित के शामिल होने की आशंका है। पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर रही है। देर रात तीन चार लोगों को हिरासत में भी लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। अमित के परिवार में उसकी पत्नी सीमा व दो बेटियां हैं। जिसमें से एक छह साल व एक तीन साल की बेटी है।
शोपीस बने कैमरे, वारदात हुई तो खुली पोल
वारदात की सूचना पर पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर लगे करीब एक दर्जन कैमरे खंगाले। एडीसीपी ने बताया कि इनमें से करीब दस कैमरे खराब मिले। इसलिए घटनास्थल दो सौ मीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी के फुटेज जुटाए जा रहे हैं। जिससे कुछ सुराग लग सके। दरअसल लोगों ने कैमरे तो लगवा लिए लेकिन जब कभी वह बंद हुए उनको सही नहीं कराया।
हमलावर एक या दो, इस पर संशय
घटना में घायल अतुल ने पुलिस को बताया कि बाइक से दो बदमाश आए थे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। वहीं एक दो प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि एक हमलावर पैदल आया और गोली मारकर फरार हो गया। एडीसीपी ने बताया कि हमलावर कितने थे, इसको लेकर दो तथ्य सामने आए हैं। जांच जारी है। फुटेज से स्पष्ट हो जाएगा कि कितने लोग थे।
आशंका: भाड़े पर कराई हत्या
जिस तरह से एक गोली में अमित का काम तमाम कर दिया, उससे संभावना है कि हमलावर बेहद शातिर है। पेशेवर शूटर की तरह वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस को आशंका है कि इसमें साजिशकर्ता कोई और है। जिसने भाड़े पर हत्या कराई। इस पहलू पर भी तफ्तीश की जा रही है।