मोहर्रम में रवायती कमा जंजीर के मातम पर कोई पाबंदी नही है। मजलिस ए उलमा ए हिन्द के महासचिव मौलाना सैयद कल्बे जवाद नकवी ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मोहर्रम को लेकर स्थिति साफ की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात के बाद मौलाना कल्बे जवाद नकवी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि अजादारी की किसी रवायत पर रोक नही है। मौलाना ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बेजा हथियारों की नुमाइश और शक्ति प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाया है। मोहर्रम के रवायती कमा व जंजीर के मातम पर कोई पाबंदी नही है। मौलाना ने कहा कि मुख्यमंत्री के जारी बयान का कुछ लोग गलत मतलब पेश कर रहे थे कि मुख्यमंत्री ने कमा व जंजीर के मातम पर भी रोक लगा दी है जबकि ऐसा नही है। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में हमसे कहा है कि मोहर्रम में जो रवायत के मुताबिक होता आया है उस पर कोई रोक नही है। सरकार ने सिर्फ नए काम, बेजा हथियारों की नुमाइश और शक्ति प्रदर्शन पर रोक लगाई है।
मौलाना ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री से जंजीर व कमा के मातम के सिलसिले में अधिकारियों को निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है ताकि मोहर्रम में कोई मुश्किल न होने पाये। इसके अलावा मोहर्रम में लगने वाले काले झंडों के बारे में भी बात की है, जिस पर सपा सरकार के जमाने में रोक लगा दी गई थी। मौलाना ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि किसी भी रवायती कार्यक्रम और प्रचार पर कोई पाबंदी नही है। इस सिलसिले में जानकारी हासिल कर प्रशासन को निर्देश जारी कर देंगे।