मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने कहा, उड़ानें बंद होने से जायरीन और छात्रों को हो रही परेशानी
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। भारत और ईरान के बीच बंद पड़ी सीधी हवाई सेवाओं को दोबारा शुरू करने की मांग उठी है। शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को ज्ञापन भेजकर दिल्ली और मुंबई से ईरान के लिए सीधी उड़ानें फिर शुरू कराने की अपील की है।
मौलाना ने कहा कि पिछले कई महीनों से हवाई संपर्क बंद होने के कारण ईरान जाने वाले जायरीन और छात्रों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ईरान में कई प्रमुख धार्मिक स्थल हैं, जहां बड़ी संख्या में भारतीय श्रद्धालु जाते हैं। इसके अलावा हजारों भारतीय छात्र वहां शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। सीधी उड़ानें नहीं होने से यात्रियों को दूसरे देशों के रास्ते लंबा सफर करना पड़ रहा है। इससे समय के साथ यात्रा का खर्च भी कई गुना बढ़ गया है।
उन्होंने भारत और ईरान के सदियों पुराने ऐतिहासिक एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों का हवाला देते हुए कहा कि भारत को अपने राष्ट्रीय हितों और पारंपरिक रिश्तों को प्राथमिकता देनी चाहिए। मौलाना ने केंद्र सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप कर दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवाएं बहाल कराने की मांग की, जिससे जायरीन और छात्रों को राहत मिल सके।