- निगोहां इलाके का मामला, नाली के विवाद में पड़ोसी की बेटी को बदनाम करने की रची थी साजिश
- गांव की कई लड़कियों की भी आईडी बनाकर किए अश्लील मेसेज, अपहरण की धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
निगोहां। इलाके के एक गांव की 12वीं की छात्रा ने नाली विवाद का बदला लेने के लिए पड़ोसी की बेटी की फर्जी इंस्टा आईडी बना डाली। यही नहीं, नाबालिग छात्रा ने इंस्टा पर युवती की फोटो डाली और अश्लील कमेंट किया। युवती को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने परिजनों को बताया। इसके बाद निगोहां थाने में केस दर्ज कराया गया। एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा के मुताबिक नाबालिग छात्रा की पहचान कर ली गई है। छात्रा को महिला पुलिस ने पकड़कर पूछताछ की। छात्रा को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने काउंसिलिंग के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया। एसीपी ने बताया कि पड़ोसी की बेटी की फर्जी आईडी बनाने के बाद चार माह तक छात्रा आपत्तिजनक पोस्ट करती रही। पीड़ित पक्ष को इसकी जानकारी देर से हुई। कई माह तक जब छात्रा के बारे में किसी को पता नहीं चला तो उसकी हिम्मत और बढ़ गई। इसके बाद उसने गांव की 12 लड़कियों की फर्जी इंस्टा आईडी बनाकर अश्लील मेसेज, कमेंट और फोटो पोस्ट करने लगी। परेशान होकर पीड़ितों ने स्थानीय पुलिस और साइबर सेल से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ने टीम गठित की, जिसके बाद छात्रा को पकड़ा गया। पूछताछ में छात्रा ने बताया कि पड़ोसी से उसके घरवालों का विवाद हुआ था। इसका बदला लेने के लिए उसने पड़ोसी की बेटी को बदनाम करने की साजिश रची थी। छात्रा ने बुआ के बेटे से फोन मंगाया था। छात्रा लड़कियों को अपहरण करने की धमकी भी दे रही थी। छात्रा ने बताया कि उसे इंस्टाग्राम पर अलग अलग आईडी बनाकर अश्लील मेसेज करना अच्छा लगने लगा था। यही वजह है कि उसने गांव की लड़कियों के अलावा खुद के लिए छह जाली आईडी बनाई थी।
शादी टूटने की आ गयी थी नौबत
गांव के एक दुकानदार ने बताया कि उनकी बेटी की शादी तय हो गई थी। इस बीच सोशल मीडिया पर बिटिया की फर्जी आईडी से अश्लील मेसेज और कमेंट किए जाने लगे। इसकी जानकारी लड़का पक्ष के लोगों को हुई तो उन्होंने शादी से इंकार कर दिया। इससे परिजन परेशान हो गए। किसी तरह लड़का पक्ष को समझाया गया, जिसके बाद वह शादी के लिए तैयार हुए।
एसीपी का जताया आभार
धमकी भरे मेसेज से कई लड़कियों ने स्कूल जाना भी बंद कर दिया था। इससे परिजन काफी परेशान थे। पूरे मामले का पर्दाफाश होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। बुधवार को कई मुस्लिम महिलाएं एसीपी रजनीश वर्मा से मिलने पहुंची। महिलाओं ने एसीपी और थाना प्रभारी अनुज तिवारी का आभार जताया।