- पीड़िता की सोशल मीडिया के जरिये हुई थी दोस्ती
- महानगर पुलिस ने आरोपी पर दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। महानगर के रहीम नगर में रहने वालीं निजी कंपनी की महिला कर्मी अनामिका भारती ने उत्तराखंड के काशीपुर निवासी राजीव कुमार पर अपनी दो शादी की बात छिपा कर उनसे विवाह करने का आरोप लगाया है। आरोपी पर पीड़िता के लाखों रुपये और स्कूटी हड़पने का आरोप है। महानगर पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
अनामिका के मुताबिक वर्ष 2022 में उनकी पहचान राजीव से सोशल मीडिया के जरिये हुई थी। वह मूलरूप से मुरादाबाद के बुद्धि विहार का रहने वाला है। बातचीत बढ़ने पर आरोपी का उनके घर आना जाना हो गया। एक दिन आरोपी ने उनके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। हामी भरने पर दोनों ने 20 मई 2022 को आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। अनामिका का आरोप है कि कुछ दिन बाद से ही आरोपी उनसे रुपये लेेने लगा। इतना ही नहीं उनकी दो स्कूटी बेच दी। इस बीच पीड़िता को पता चला कि आरोपी दो शादी दीप सागर और अंबिका से पहले ही कर चुका है। आरोपी के खिलाफ मुरादाबाद में चोरी और ठगी के तीन मुकदमे भी दर्ज हैं, जिसमें वह जेल भी जा चुका है। पीड़िता का आरोप है विरोध करने पर राजीव उन्हें व उनकी बहन को धमका रहा है। इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार मिश्र के मुताबिक मामले की विवेचना दरोगा दिलशाद चौधरी कर रहे हैँ। साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।