नई भवन उपविधि लागू करने में ढिलाई पर आवास आयुक्त से मिले व्यापारी
अधिकारियों पर लगाया नक्शों को लटकाने का आरोप
छह फरवरी को होगी विशेष बैठक
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। नई भवन निर्माण उपविधि के तहत आवासीय में व्यावसायिक उपयेाग के मानचित्र पास करने में अड़ंगा लगाए जाने का आरोप उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने आवास विकास परिषद के अधिकारियों पर लगाया है। इसको लेकर बुधवार को व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने आवास आयुक्त डा. बलकार सिंह को मिलकर ज्ञापन भी दिया।
उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने आवास आयुक्त को बताया कि इंदिरा नगर क्षेत्र का व्यापारी समुदाय नई भवन उपविधियों के अंतर्गत मिश्रित भूमि उपयोग के नियमों के अनुसार अपनी संपत्तियों को परिवर्तित कराने के लिए तैयार है मगर आवास विकास परिषद के अधिकारी इस रुचि नहीं ले रहे हैं। इस कारण भू-उपयोग के तहत निर्माण के बहुत मानचित्र महीनों से लटके हुए हैं। जिस पर आवास आयुक्त ने मुख्य वास्तुविद संजीव कश्यप को तलब कर रिपोर्ट मांगी है और व्यापारियों समन्वय करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके साथ ही छह फरवरी को व्यापारियों के साथ एक बैठक आयोजित करने को कहा है। जिसमें सभी पक्षों को बुलाने के निर्देश दिए गए हैं। आवास आयुक्त से मिलने वाले व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल में संगठन के प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, प्रदेश उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, ट्रांस गोमती क्षेत्र अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, नगर उपाध्यक्ष प्रदीप सचदेवा व सचिन अग्रवाल शामिल रहे। प्रतिनिधि मंडल ने आवास आयुक्त से यह मांग भी की है कि नई भवन उपविधियों के अंतर्गत गठित कठिनाई निवारण समिति में व्यापारी समुदाय के प्रतिनिधियों को भी स्थान दिया जाए, जिससे जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।